मैनपुरी में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। औंछा थाना क्षेत्र के रुरिया गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक रिटायर्ड फौजी की नाक काट दी गई, जबकि दूसरे पक्ष के युवक का अंगूठा काट दिया गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 45 वर्षीय रिटायर्ड फौजी श्रीकृष्ण का 33 वर्षीय देवेंद्र से उधारी के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को श्रीकृष्ण अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस लेकर देवेंद्र के घर पैसे मांगने पहुंचे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान श्रीकृष्ण ने देवेंद्र का अंगूठा काट लिया। इसके जवाब में देवेंद्र और उसके पक्ष के लोगों ने फौजी श्रीकृष्ण को पकड़कर उसकी नाक काट दी। फौजी को रस्सी से बांधकर घर में बंधक भी बना लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को मुक्त कराया और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों घायलों को पर्याप्त सुरक्षा के बिना एक ही एंबुलेंस में भेजा गया, जिससे रास्ते में भी उनके बीच झगड़ा होता रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और घायलों को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने पुष्टि की कि प्रारंभिक जांच में उधारी के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply