DniNews.Live

ललितपुर में किसान का शव खेत में मिला:परिजन बोले-फसल खराब होने से हार्ट अटैक या सांप ने काटा; पोस्टमॉर्टम से वजह पता चलेगी

ललितपुर जिले के ग्राम देवरान में रविवार को एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि फसल खराब होने के कारण दिल का दौरा पड़ने या सांप के काटने से उसकी जान गई है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा, जिससे मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतक की पहचान थाना बार अंतर्गत ग्राम देवरान निवासी खेमचंद्र (40) के रूप में हुई है। उसके भाई बल्लू ने बताया कि खेमचंद्र ने अपनी चार एकड़ जमीन पर गेहूं की फसल बोई थी। इसके अलावा, उसने करीब 7-8 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर कर्ज के सहारे खेती की थी। रविवार सुबह खेमचंद्र खेत पर फसल देखने गया था। दोपहर में जब उसकी पत्नी गीता खेत पर पहुंची, तो खेमचंद्र बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव के एक निजी चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले हुई अतिवृष्टि से गेहूं की फसल खराब हो गई थी, जिससे खेमचंद्र काफी परेशान था। उन्हें आशंका है कि इसी सदमे के कारण उसे दिल का दौरा पड़ा होगा। वहीं, दूसरी ओर, परिजनों ने सांप के काटने से भी मौत की आशंका जताई है। प्रभारी थानाध्यक्ष बार अजयपाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आज सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *