DniNews.Live

मुआवजे को लेकर किसानों का प्रदर्शन:हरदोई में हाईवे निर्माण में बिना भुगतान जमीन लेने का आरोप, हंगामा

हरदोई-शाहजहांपुर हाईवे (एनएच-731) निर्माण को लेकर टोडरपुर क्षेत्र के किसानों ने सोमवार को सैदपुर पुल पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों किसानों ने मुआवजा न मिलने और भूमि माप में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि हाईवे निर्माण के लिए उनकी भूमि अधिग्रहित कर ली गई है, लेकिन उन्हें अब तक न तो संतोषजनक जानकारी मिली है और न ही उचित मुआवजा दिया गया है। प्रदर्शनकारी किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। किसानों ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में सड़क की चौड़ाई 32 मीटर दर्ज है, जबकि मौके पर लगभग 38 मीटर तक सड़क और नाले का निर्माण किया जा रहा है। उनका यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए उनसे कोई अनुमति नहीं ली गई। किसानों के अनुसार, इस निर्माण से जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे सैकड़ों बीघा फसल जलभराव के कारण प्रभावित हो रही है। इस प्रदर्शन में बादशाह, रामप्रताप, महेश कुमार, रामसेवक, रमेश कुमार पाल, रामरानी, सुनीता, विमलेश, बाबूराम यादव, हरिहर, रामनिवास, गुरदयाल, राकेश, प्रतिभा, विक्रांत, अनिल और राजकुमार सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल थे। किसानों ने यह आरोप भी लगाया कि हाईवे के बाएं हिस्से के किसानों को मुआवजा मिल चुका है, जबकि दाएं हिस्से के किसान अभी भी इससे वंचित हैं।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि हाईवे पर यातायात प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *