DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

गोरखपुर में तीन बार बनवाया महिला का डेथ सर्टिफिकेट:बाप-बेटे और नगर निगम कर्मियों के खिलाफ एफआईआर

गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में महिला की वास्तविक मौत के नौ वर्ष बाद भी जालसाजों द्वारा बार-बार फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर जमीन पर अवैध दावा करने का गंभीर मामला सामने आया है। देवरिया के रुद्रपुर सोनबह मुस्तकिल निवासी ओमप्रकाश यादव ने अपने सगे पट्टीदार योगेंद्र प्रताप यादव व उसके पिता गया प्रसाद यादव द्वारा नगर निगम कर्मियों की मिलीभगत से उनकी दिवंगत मां पुरनी देवी का तीसरी बार फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने का आरोप लगाया है। कैंट पुलिस ने मामले में एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। ओम प्रकाश यादव के अनुसार उनकी मां की वास्तविक मृत्यु 31 अक्तूबर 2016 को हुई थी, जिसका वैध प्रमाण पत्र विकास खंड रुद्रपुर से जारी हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने पहला फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र 12 अप्रैल 2019 को जारी कराया था, जिसे शिकायत के बाद नगर निगम गोरखपुर ने 14 दिसंबर 2020 को निरस्त कर दिया। बाद में विपक्षियों ने वर्ष 2020 में दोबारा दूसरा फर्जी प्रमाण पत्र नए पंजीयन नंबर से निकलवाया, जिसे 13 अप्रैल 2023 को रद्द कर दिया गया था।
आरोप है कि इसके बावजूद आरोपियों ने तीसरी बार बीते 11 अगस्त को उनकी मां के नाम से नया फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र (पंजीयन संख्या डी202509938750000600) बनवा लिया। उनका आरोप है कि इस बार नगर निगम के सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से यह प्रमाण पत्र जारी हुआ है। पीड़ित ने बताया कि पहले ही आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था, जिसका आरोपपत्र भी न्यायालय में प्रेषित है। इसके बावजूद लगातार जालसाजी से वह और उनका परिवार परेशान हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद पीड़ित ने एसएसपी राजकरन नय्यर से गुहार लगाई। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया- पीड़ित की तहरीर पर पिता पुत्र और प्रमाणपत्र जारी करने वाले आरोपी नगर निगम कर्मचारी और अधिकारी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज के सहारे धोखाधड़ी, षड़यंत्र समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


https://ift.tt/HCUdVPa

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *