नोएडा एक्सप्रेसवे थानाक्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला के साथ साइबर अपराध का मामला सामने आया है। महिला का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर किसी शरारती व्यक्ति ने उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं। इस घटना के बाद महिला को काफी परेशानी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो अपलोड कर अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाती थीं। कुछ दिन पहले अचानक उनका अकाउंट हैक हो गया। इसके बाद उनके अकाउंट से गलत और आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर दी गईं। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर लोग उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने लगे और उन्हें अश्लील व धमकी भरे मैसेज भी मिलने लगे। छवि को हुआ नुकसान
महिला का कहना है कि इस घटना से उनकी छवि को काफी नुकसान पहुंचा है और वह डर व तनाव में जी रही हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में सोसायटी की ही एक महिला पर आरोप लगाया है कि उसने उन्हें बदनाम करने, मानसिक रूप से परेशान करने और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची है। पीड़िता ने उस महिला और उसके एक साथी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है। आईटी एक्ट के तहत मुकदमा
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही नामजद आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply