कन्नौज में एक किसान की जमीन बैंक का कर्ज न चुका पाने के कारण कुर्क कर ली गई। यह कार्रवाई तब की गई जब किसान के खेत में गेहूं की पकी हुई फसल खड़ी थी। किसान इस कार्रवाई को देखता रहा। यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर रमई गांव का है। यहां के निवासी राधेश्याम ने आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से 11,93,995 रुपये का कर्ज लिया था। वह इस राशि को चुकाने में असमर्थ रहे। बैंक की ओर से उनकी जमीन कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन राधेश्याम ने एक महीने का समय मांगा था। बैंक ने उन्हें यह मोहलत दी भी, लेकिन एक महीने बाद भी वह कर्ज नहीं चुका सके। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक अंशु दुबे, क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक नकुल अवस्थी, अमीन मनोज कुमार और विवेक दुबे पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने राधेश्याम की 23 बीघा जमीन कुर्क करने की कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। राधेश्याम ने अधिकारियों से गुहार लगाई कि गेहूं की फसल कटने के बाद वह कर्ज अदा कर देगा, लेकिन बैंक अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी। कुर्क की गई जमीन के चारों ओर लाल झंडियां लगाकर कार्रवाई पूरी की गई।

Leave a Reply