नेपाल में भारत-नेपाल सीमा सोनौली से सटे बुटवल के पास पालपा तिनाउ नदी में दो भारतीय किशोर डूब गए। ये दोनों संतकबीरनगर जिले के रहने वाले थे। सूचना मिलने के बाद नेपाल पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बताया गया है कि संतकबीरनगर जिले के सात युवक नेपाल घूमने गए थे। रविवार दोपहर वे पाल्पा तिनाउ नदी में स्नान कर रहे थे, तभी उनमें से दो नदी के तेज बहाव में बह गए और लापता हो गए। पाल्पा के जिला पुलिस सूचना अधिकारी होम प्रकाश चौधरी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों भारतीय दोपहर में तिनाउ रूरल म्युनिसिपैलिटी-3 के डोभान डैमसाइड में हेडबॉक्स के पास डूबे। उनके डूबने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों, आर्म्ड पुलिस फोर्स और डोभान पुलिस पोस्ट की एक टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस कांस्टेबल दोभान के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लापता किशोरों की पहचान संतकबीरनगर के अमरदोभा निवासी फरान अंसारी (17) और मेंहदावल निवासी अमन अंसारी (17) के रूप में की है। समूह के बाकी पांच युवक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। लापता किशोरों की तलाश अभी भी जारी है।

Leave a Reply