सीतापुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-05’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत आज जनपदीय पुलिस ने महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर क्षेत्र में स्कूटी रैली निकाली। यह रैली पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित की गई। रैली में मिशन शक्ति प्रभारी सहित जनपद के विभिन्न थानों की महिला पुलिसकर्मियों और अन्य पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूटी रैली शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरी, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक महिला सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ‘अपने अधिकार को पहचानो, मिशन शक्ति का मकसद जानो’ का संदेश देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। 4 तस्वीरें देखिए… इसके साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 की जानकारी दी गई और जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। एंटी-रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखा गया है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाकर बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय भी सिखाए जा रहे हैं। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सीतापुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply