हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहोरा में साढू के घर मृत मिले युवक के मामले में तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी युवक की पत्नी की बड़ी बहन और बड़ी बहन के जेठ और जेठानी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है 35 वर्षीय अखिलेश शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला लोथू में रहते थे। वह खेती करते थे। अखिलेश का अपनी पत्नी की बड़ी बहन के पति (साढ़ू) लालाराम के घर ग्राम सहोरा में अक्सर आना-जाना था। लालाराम की पांच साल पहले मौत हो चुकी है, और अखिलेश की पत्नी का भी निधन हो चुका है। अखिलेश बीते गुरुवार की शाम लालाराम के घर आए थे। अगले दिन, शुक्रवार सुबह, वह लालाराम के घर में चारपाई पर मृत मिले थे। कोतवाल अरविंद राय के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। अखिलेश के भाई विमलेश की शिकायत पर लालाराम की पत्नी अनारकली, उसके जेठ सरजू और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि जांच में अवैध संबंध का एंगल सामने आ रहा है। पुलिस मामले का जल्द खुलासा करने की बात कह रही है।

Leave a Reply