देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी ने मोबाइल टावर पर चढ़कर जान देने की कोशिश की। युवक द्वारा शादी के बाद अपनाने से इनकार करने पर किशोरी ने यह कदम उठाया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव निवासी आकाश कुशवाहा (पुत्र परमहंस कुशवाहा) ने लगभग दो महीने पहले उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर मंदिर में शादी कर ली थी। युवक ने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की थीं। आरोप है कि हाल ही में जब किशोरी युवक के घर रहने पहुंची, तो आकाश और उसके पिता परमहंस ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर दोनों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। इस घटना से आहत होकर किशोरी 17 मार्च को गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या का प्रयास करने लगी। वह करीब दो घंटे तक टावर पर बैठी रही, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। किशोरी की मां की तहरीर पर बघौचघाट पुलिस ने आरोपी युवक आकाश कुशवाहा और उसके पिता परमहंस कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, बाल विवाह सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply