DniNews.Live

आज से रोडवेज में 250 चालकों की भर्ती शुरू:तीन दिन चलेगी प्रक्रिया, लखनऊ में ई-टेस्टिंग और काउंसलिंग के जरिए चयन, 25 मार्च तक आवेदन का मौका

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने लखनऊ क्षेत्र में चालकों की कमी को पूरा करने के लिए आज से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती अनुबंध के आधार पर की जा रही है, जिसमें कुल 250 बस चालकों का चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया 23 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च 2026 तक लगातार तीन दिनों तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थियों को ई-टेस्टिंग और काउंसलिंग प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके लिए लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के पास स्थित बस स्टेशन कम्फर्ट हाउस को केंद्र बनाया गया है, जहां उम्मीदवारों को अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
योग्यता और शर्तें क्या हैं रोडवेज ने भर्ती के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की हैं। उम्मीदवार का कम से कम 8वीं पास होना जरूरी है। उम्र 23 साल 6 महीने या उससे अधिक होनी चाहिए और लंबाई कम से कम 5 फीट 3 इंच निर्धारित की गई है। इसके अलावा सबसे जरूरी शर्त यह है कि अभ्यर्थी के पास भारी वाहन (हेवी) चलाने का कम से कम दो साल पुराना वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। बिना लाइसेंस वाले या अनुभवहीन उम्मीदवार इस भर्ती में शामिल नहीं हो सकेंगे।
ऐसे मिलेगा पारिश्रमिक और इंसेंटिव चयनित चालकों को अनुबंध के आधार पर बस चलाने का काम दिया जाएगा। उन्हें प्रति किलोमीटर लगभग 2.20 रुपये की दर से भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही तय किलोमीटर पूरा करने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन (इंसेंटिव) भी मिलेगा। निगम के अनुसार, यदि चालक तय मानक के अनुसार बस संचालन करता है तो उसे अतिरिक्त बोनस और सुविधाएं भी दी जाएंगी, जिससे उसकी आमदनी बढ़ सकती है। भर्ती प्रक्रिया कैसे होगी भर्ती के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले ई-टेस्ट देना होगा, जिसके बाद काउंसलिंग की जाएगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को आगे प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें अनुबंध के आधार पर बस संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। भर्ती में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से कराई जा रही है, ताकि योग्य उम्मीदवारों को ही मौका मिल सके। चालकों की कमी दूर करने की पहल रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ क्षेत्र में काफी समय से चालकों की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे बस संचालन प्रभावित हो रहा था। ऐसे में यह भर्ती अभियान यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और बसों के संचालन को सुचारु बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। तीन दिन तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *