चित्रकूट के पवित्र धाम में इस वर्ष राम नवमी के अवसर पर 27 मार्च को ‘गौरव दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राघव प्रयाग घाट 22 लाख दीपों से जगमग होगा। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का यह विशेष पर्व भक्ति, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से जीवंत नजर आएगा। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चित्रकूट की आध्यात्मिक गरिमा और समृद्ध लोक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करना है। प्रदेशभर से आए कलाकार अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। गौरव दिवस के मंच पर लोक गायन (बघेली) की मनमोहक प्रस्तुति मऊगंज की स्नेहा मिश्रा द्वारा दी जाएगी। बघेली लोकधुनों के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की मिठास और लोकजीवन की संवेदनाएं दर्शकों तक पहुंचेंगी। वहीं, ग्वालियर की तरुणा सिंह द्वारा श्रीराम केंद्रित नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा, जिसमें प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों को नृत्य और अभिनय के माध्यम से सजीव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उज्जैन के श्री शर्मा बंधु द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण राममय होने की उम्मीद है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि राम नवमी के दिन आने वाले हजारों श्रद्धालु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठा सकें। चित्रकूट में होने वाला यह गौरव दिवस कार्यक्रम न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा। रामनवमी पर राघव प्रयाग घाट एक बार फिर आस्था, कला और परंपरा के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा।

Leave a Reply