DniNews.Live

संभल के दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत:शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे, डंपर ने बाइक को टक्कर मारी

संभल के दो दोस्तों की मुरादाबाद से लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक को एक डंपर ने टक्कर मार दी। दोनों दोस्त शादी के कार्ड बांटकर वापस आ रहे थे। उक्त सड़क हादसा संभल-मुरादाबाद रोड पर रविवार रात करीब 10 बजे हुआ। मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर (22) पुत्र तस्लीम, निवासी मोहल्ला डूंगर सराय, थाना रायसत्ती और अयान (25) पुत्र सरवत, निवासी चौधरी सराय, कोतवाली संभल के रूप में हुई है। दोनों दोस्त मुरादाबाद से बाइक पर घर लौट रहे थे, तभी मुरादाबाद जनपद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव लालपुर के पास एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। समीर दिल्ली में सिलाई का काम करता था और ईद मनाने के लिए एक दिन पहले ही घर आया था। वह अपने दोस्त अनस की बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए मुरादाबाद गया था। एक दूसरी बाइक पर अनस और जीशान भी थे, जो सुरक्षित हैं। थाना मैनाठेर प्रभारी किरण पाल सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक समीर के चार भाई (फहीम, वसीम, कलीम) और चार बहनें हैं। उनकी मां का नाम सायरा है। अयान एमजीएम डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था और उसकी मां का नाम आसिफा है। वह आम आदमी पार्टी के यूपी प्रवक्ता आतिफ हुसैन का चचेरा भाई भी था।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *