बाराबंकी जिले के मसौली क्षेत्र में देर रात स्वाट टीम और थाना मसौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुठभेड़ के दौरान 10 हजार रुपये का इनामी और गौकशी के मामले में वांछित आरोपी उस्मान उर्फ कलेजी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार आरोपी उस्मान उर्फ कलेजी पर विभिन्न थानों में कुल 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हाल ही में मसौली क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। सूचना पर घेराबंदी, भागने के दौरान की फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में सक्रिय है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। इसी इनपुट पर पुलिस टीम गश्त कर रही थी। थाना मसौली क्षेत्र के धरौली मोड़ के पास जकरिया की ओर से आ रहे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में घायल
खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। अस्पताल में भर्ती, तमंचा-कारतूस बरामद
घायल आरोपी को गिरफ्तार कर तत्काल जिला अस्पताल बाराबंकी भेजा गया। उसकी पहचान उस्मान उर्फ कलेजी निवासी बांसा, थाना मसौली के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। गंभीर धाराओं में मुकदमे, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर मसौली और सफदरगंज थाने में गोवध निवारण अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply