सहारनपुर में SI भर्ती परीक्षा के दौरान सामने आए नकल कांड ने पुलिस महकमे की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि इस बार आरोप आम अभ्यर्थियों पर नहीं, बल्कि खुद वर्दीधारी सिपाहियों पर लगे हैं। अब इस पूरे मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी शुरू कर दी है। दरअसल, 14 और 15 मार्च को जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित SI भर्ती परीक्षा के दौरान करीब 40 हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। पहले ही दिन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दो अभ्यर्थी अभिषेक और रोबिन खोखर ओएमआर शीट बदलकर नकल करते रंगे हाथों पकड़े गए। जांच में सामने आया कि अभिषेक मुरादाबाद की 24वीं वाहिनी पीएसी में तैनात सिपाही है, जबकि रोबिन बिजनौर में एक न्यायिक अधिकारी का गनर है। घटना के बाद शहर कोतवाली में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले की जांच एसआई महेंद्र चौहान को सौंपी गई, जिन्होंने अब लगभग पूरी जांच कर ली है और चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सिपाही अभिषेक बिना किसी लिखित अनुमति के ही परीक्षा देने पहुंच गया था। उसने अपने कंपनी कमांडर को केवल मौखिक सूचना दी थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस पर जांच अधिकारी ने संबंधित जिले के अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की सिफारिश की है। फिलहाल, जांच में कक्ष निरीक्षकों के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं और आरोपियों के प्रवेश पत्र भी मांगे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये औपचारिकताएं पूरी होते ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी।

Leave a Reply