ब्रज क्षेत्र में गौ सेवा के लिए पहचाने जाने वाले प्रसिद्ध संत चंद्रशेखर उर्फ़ फरसा बाबा की मौत पर हिंदूवादी संघटनों में आक्रोश है। विश्व हिंदू परिषद ने घटना को दुखद बताते गिरफ्तारियों को तत्काल रोकने की मांग की वहीँ धर्म रक्षा संघ ने कहा कि पुलिस हत्या को दुर्घटना बताकर मामले की लीपापोती कर रही है। विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा बाबा परम गौ भक्त थे भीड़ में कुछ विधर्मी और गौ तस्करों के समर्थकों ने बबाल किया। बाबा का निधन दुखद और चिंताजनक विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध गौ-सेवक, गो भक्त चंद्रशेखर बाबा, जिन्हें “फरसा वाले बाबा” के नाम से जाना जाता था, उनका निधन हो गया है। यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। बाबा जी वर्षों से गौ-सेवा में समर्पित थे और ब्रज क्षेत्र में हजारों गायों की रक्षा का कार्य कर रहे थे। उनके इस कार्य में उन्हें समाज का भरपूर सहयोग भी मिलता रहा। वह न केवल गौ-रक्षा के लिए सक्रिय थे, बल्कि समय-समय पर समाज को मार्गदर्शन भी देते थे। विहिप ने की 4 मांग विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा इस घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद और बाबा के समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संगठन ने प्रशासन से कुछ महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। पहली मांग यह है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दूसरी मांग यह है कि ब्रज क्षेत्र में गौ-तस्करी रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाए और संवेदनशील स्थानों पर चौकियां स्थापित की जाएं। तीसरी मांग यह है कि 21 मार्च को बाबा जी के समर्थन में जो धरना-प्रदर्शन किया गया था, उस पर दर्ज की गई एफआईआर को तुरंत वापस लिया जाए। चौथी और महत्वपूर्ण बात यह कही गई है कि यदि प्रशासन द्वारा इस शांतिपूर्ण आंदोलन के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई की जाती है, तो इससे स्थिति और बिगड़ सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धर्म रक्षा संघ ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा फरसा वाले बाबा चंद्रशेखर की मौत के बाद आचार्य बद्रीश महाराज की अध्यक्षता में धर्म रक्षा संघ,गौ रक्षा दल भारत एवं वृन्दावन गौ रक्षा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में अत्यंत शोक जताते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। शोक सभा में आये हुए सभी संतों एवं गौ रक्षकों ने दो मिनट का मौन रखा और उनके चित्रपट पर पुष्प माला अर्पित की। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि फरसा वाले बाबा कोई सामान्य संत नहीं थे वह गौ सेवकों, सनातनियों एवं बृजवासियों के मसीहा थे। पहले भी मिली थी बाबा को धमकी धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि प्रशासन फरसा वाले बाबा की निर्मम हत्या को दुर्घटना बताकर लीपा पोती करना चाहता है। गौ रक्षा दल भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि मेवात के गो तस्करों ने पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी, उनकी हत्या से संपूर्ण गौ सेवकों एवं संत समाज में आक्रोश व्याप्त है। दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की रखी मांग धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश महाराज ने कहा कि पुलिस प्रशासन को जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़कर उनका एनकाउंटर करना चाहिए।महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज ने कहा कि फरसा वाले बाबा की हत्या पर सारा संत समाज आक्रोशित है प्रशासन को उनका शीघ्र ही स्मारक बनाना चाहिए। महंत दसरथ दास महाराज ने कहा कि यदि सरकार ने आरोपियों के खिलाफ कड़े कदम नहीं उठाये तो धर्म रक्षा संघ बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। श्रृद्धांजलि सभा में हरिओम शास्त्री, महंत यशवर्धन दास,मुकेश शर्मा, गोपाल शर्मा, ध्रुव शर्मा,अजय शर्मा पप्पी, रविकांत गौतम आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply