DniNews.Live

गोरखपुर में बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटा:दुबई से कमाकर घर लौट रहा था युवक, पुलिस ने कार समेत आरोपी को दबोचा

गोरखपुर में दुबई से कमाकर घर लौट रहे एक युवक को कार सवार बदमाशों ने अगवा कर नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट लिया। बदमाश उसका महंगा मोबाइल और नकदी छीनकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई कैंट पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक आरोपी को कार समेत ट्रांसपोर्टनगर के पास से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार है। जिसकी तलाश पुलिस टीम कर रही है। आरोपी की पहचान आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के देवरा तुर्क चारा सहाय का पूरा निवासी अर्जुन यादव के रूप में हुई। अब विस्तार से जानें पूरा मामला कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के पथरवा गांव निवासी जुवेदा खातून ने पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि पति ताज मोहम्मद दुबई में रहकर काम करते हैं। वह शुक्रवार की रात में लखनऊ पहुंचे थे। वहां से बस पकड़कर गोरखपुर स्टेशन पर शनिवार तड़के सुबह 3.24 बजे पहुंचे थे। यहां तक दोनों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। उन्होंने यह बताया था कि अब कुशीनगर के लिए सवारी खोज रहे हैं। परेशान पत्नी ने घटना की जानकारी गोरखपुर पुलिस को दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो मोबाइल का लोकेशन रेलवे स्टेशन ही आया। इसके बाद सीसी टीवी कैमरे देखे गए तो एक कार में उन्हें बैठाते हुए देखा गया। सीसी टीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने कार की जांच की तो पता चला कि कार को बलिया से कुछ दिन पहले ही बेचा गया है। इसके बाद सर्विलांस व अन्य स्रोतों की मदद से पुलिस ने घेराबंदी की तो एक आरोपी ट्रांसपोर्टनगर के पास के मिल गया। आरोपी अर्जुन ने पूछताछ में अपने साथी का नाम बताते हुए यह भी बताया कि अपहृत को उन लोगों ने सड़क किनारे फेंक दिया था। अहिरौली के पास पुलिस ने जांच किया तो पता चला कि एक लावारिस हाल में शख्स पड़ा था। जिसे राहगीरों की मदद से अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में जांच करने पर उसकी पहचान ताज मोहम्मद के रूप में हुई गई। घटना के पर्दाफाश करने वाली टीम में गोलघर चौकी इंचार्ज अवनीश कुमार पांडेय, पैडलेगंज चौकी इंचार्ज आशीष दुबे, कांस्टेबल मंगलदीप व संजीत की मुख्य भूमिका रही।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *