गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में रविवार को एक घर में धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था। इस सूचना पर में पुलिस ने तत्काल मां-बेटा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान कुशीनगर के रामकोला के परवरपार गांव निवासी अमित सिंह, रीता देवी, पीपीगंज के कन्हैया यादव और गुलरिहा सरहरी का विक्की के रूप में हुई। आरोपियों से पूछताछ कर उनका नेटवर्क पुलिस खंगाल रही है। इसमे बिहार के एक व्यक्ति का नाम सामने आया है। उसके इशारे पर ही यह पूरा खेल चल रहा था। गुलरिहा इलाके में हर रविवार को प्रार्थना सभा आयोजित की जाती थी। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बीमारी और भूत प्रेत के इलाज के नाम पर लोगों को एक प्रार्थना सभा में बुलाया जाता है। इसके बाद पैसे का प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जाता है। पिछड़े तबके के लोगों को दिया जाता है प्रलोभन बताया जा रहा है कि गुलरिहा क्षेत्र में लंबे समय से पिछड़े तबके के लोगों को धन का लालच देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किए जाने की चर्चाएं चल रही थीं। नाम बदलते ही उन्हें अच्छे पैसे के साथ अच्छी सुविधाएं देने का दावा किया जाता था। गुलरिहा इलाके में स्थित आयुष विश्वविद्यालय के आसपास, जंगल एकला, सरहरी, पिपराइच और पीपीगंज सहित अन्य क्षेत्रों में विशेष रूप से मिशनरी स्कूलों के आस-पास ऐसे प्रयासों की चर्चा स्थानीय लोगों के बीच रही। हालांकि, अब तक औपचारिक शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई थी। लिखित तहरीर मिलने पर पुलिस ने दर्ज किया केस रविवार को गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सूरजकुंड निवासी शीतल मिश्रा ने गुलरिहा थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोग धन का लालच देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। बिहार के व्यक्ति की तलाश सूत्रों के मुताबिक, विल्सन नामक व्यक्ति, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। स्वयं धर्म परिवर्तन करने के बाद अन्य लोगों को इसमें शामिल करने का प्रयास कर रहा था। इसके साथ उसने कुशीनगर जिले के रामकोला निवासी अमित सिंह, उसकी मां रीता देवी, गुलरिहा क्षेत्र के सरहरी निवासी विक्की कुमार और पीपीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह निवासी कन्हैया यादव के साथ मिलकर धर्मांतरण कराने की गतिविधियां शुरू की थीं। शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने अमित सिंह, विक्की कुमार, कन्हैया यादव और रीता देवी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इन आरोपियों के अन्य सहयोगियों और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। इनके सीडीआर भी निकलवाए जा रहे हैं।

Leave a Reply