DniNews.Live

33 करोड़ की सड़कों का शिलान्यास:कानपुर सांसद बोले- चौड़ीकरण से ट्रैफिक सुधार होगा, विकसित शहर बनाने की गति को मिलेगी रफ्तार

कानपुर में सड़कों को चौड़ा और आधुनिक बनाने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। सांसद रमेश अवस्थी ने इन कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि इससे न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहर के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। 33 करोड़ से ज्यादा के सड़क कार्यों का शिलान्यास
कानपुर में रमेश अवस्थी ने आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्यों की शुरुआत कराई।
इस दौरान किदवई नगर चौराहे से बारादेवी होते हुए नंदलाल चौराहे तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर 20.96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा चावला मार्केट चौराहे से परमपुरवा जूही होते हुए हमीरपुर रोड तक सड़क निर्माण और सुधार कार्य का भी शिलान्यास हुआ, जिसकी लागत 12.49 करोड़ रुपये निर्धारित है।
पूजन-अर्चन के साथ हुआ शिलान्यास कार्यक्रम
परमपुरवा जूही स्थित पॉपुलर धर्मकांटा पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बोले सांसद- कानपुर को आधुनिक शहर बनाना लक्ष्य
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर को विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़कों का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण होने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
विधायक बोले- अन्य सड़क भी जल्दी बनेंगी
किदवई नगर से विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि क्षेत्र में जो सड़कें अभी चौड़ीकरण से वंचित हैं, उन्हें भी जल्द इस योजना में शामिल किया जाएगा।
पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, पंकज द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान, जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित और पूर्व जिला संयोजक युवा मोर्चा अक्षय त्रिवेदी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *