DniNews.Live

बिजनौर में जनरल स्टोर से 1 लाख रुपये चोरी, VIDEO:शटर मोड़कर घुसा चोर, वारदात CCTV में कैद

बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के चक्कर रोड स्थित एक जनरल स्टोर से एक लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। चोर ने दुकान का शटर तोड़े बिना उसके ऊपरी हिस्से को मोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरी की यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शक्ति नगर निवासी निपेंद्र राठी का चक्कर रोड पर ‘राठी जनरल स्टोर’ है। शनिवार रात निपेंद्र राठी दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात एक चोर ने दुकान के शटर के ताले या शटर को तोड़े बिना उसके ऊपरी हिस्से को फैलाकर अंदर घुसने लायक जगह बना ली। इसके बाद उसने गल्ले में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी चुरा ली और मौके से फरार हो गया। रविवार सुबह जब दुकानदार निपेंद्र दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर का ऊपरी हिस्सा मुड़ा हुआ देखकर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। अंदर जाकर देखने पर गल्ले से नकदी गायब मिली। दुकानदार ने बताया कि उसने रविवार को देने के लिए यह नकदी गल्ले में रखी थी। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि चोरों द्वारा अपनाया गया यह नया तरीका दुकानदारों के लिए चिंता का विषय बन गया है। उन्होंने क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित दुकानदार ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। शहर कोतवाली थानाध्यक्ष राम प्रताप ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *