देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम आयांश की मौत हो गई। बड़का गांव के पास एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिसमें आयांश गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, बड़कागांव निवासी लाल बहादुर अपने चार वर्षीय बेटे आयांश के साथ देवरिया से घर लौट रहे थे। शाम को वे चौराहे से ई-रिक्शा पकड़कर बनकटिया गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस संख्या UP32EG4761 मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले जाया गया। बरहज अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान मासूम आयांश ने दम तोड़ दिया। इस दौरान 108 एंबुलेंस के ईएमटी विनय कुमार और पायलट अनिल ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को समय पर अस्पताल पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बरहज पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

Leave a Reply