मथुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना देवीपुरा बाजना (थाना हाईवे) की है, जहां मुरारी की पत्नी मधु (25 वर्ष) की देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलने पर मृतका का मायका पक्ष हाथरस से मथुरा पहुंचा। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन मधु और छोटी बहन रूबी की शादी 5 नवंबर 2022 को मुरारी और योगेश पुत्र विनोद के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर मधु का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब वे ससुराल पहुंचे, तो उन्हें मधु का शव जय गुरुदेव अस्पताल में मिला। उन्होंने बताया कि शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें लगातार बढ़ रही थीं। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या की है और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply