पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में बाइक लूट की लगातार हो रही वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जहानाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन लुटेरे और लूटी गई बाइकों के पुर्जे खरीदने वाला एक कबाड़ी शामिल है। गिरफ्तार कबाड़ी कस्बे के एक पूर्व चेयरमैन का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए सीओ सदर (आईपीएस) नताशा गोयल ने बताया कि फरवरी माह में लूट की दो प्रमुख घटनाएं सामने आई थीं। 20 फरवरी को ग्राम गौनेरी वदी निवासी पुष्पेंद्र कुमार से मारपीट कर बाइक लूटी गई थी। इसके दो दिन बाद, 22 फरवरी को कुकरीखेड़ा निवासी रवि कुमार के साथ भी असलहे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं के बाद एसपी के निर्देश पर एसओजी और जहानाबाद पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं। जहानाबाद इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार विश्नोई और एसओजी प्रभारी उमेश त्यागी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीन लुटेरों को पकड़ा। पकड़े गए बदमाशों की पहचान संजीव वर्मा, सूरज और धर्मेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे सुनसान रास्तों पर अकेले बाइक सवारों को निशाना बनाते थे। लुटेरों ने खुलासा किया कि वे लूटी गई बाइक ‘कच्ची हवेली’ निवासी नदीम को बेचते थे। नदीम, जो पूर्व चेयरमैन का भतीजा बताया जा रहा है, पहचान छिपाने के लिए बाइकों को काटकर उनके पुर्जे अलग कर देता था या उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका उपयोग करता था। सीओ सदर ने बताया कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार किए गए सभी चार आरोपियों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply