DniNews.Live

डीजीपी राजीव कृष्ण नवरात्र के चौथे दिन विंध्याचल पहुंचे:मिर्जापुर में पूजा-अर्चना कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने चैत्र नवरात्र के चौथे दिन मिर्जापुर स्थित माँ विंध्यवासिनी धाम का दौरा किया। उन्होंने आदि शक्ति माँ विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए और देश-प्रदेश में अमन-चैन व खुशहाली की कामना की। दर्शन के उपरांत डीजीपी ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नवरात्र मेले में भारी भीड़ के बावजूद तैनात पुलिस बल के कार्यों की सराहना की। डीजीपी ने कहा कि जवान पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन की सुविधा मिल रही है।
डीजीपी ने अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि धाम में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही आवश्यक बजट आवंटित किया जाएगा। इस बजट से आधुनिक संसाधनों, निगरानी व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान, डीजीपी ने मेला क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीजीपी के आगमन से पुलिस प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया। श्रद्धालुओं ने भी बेहतर व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *