चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम को 1709 लीटर अवैध शराब नष्ट की। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर कोतवाली परिसर में की गई। पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा खोदकर शराब को जमीन में दबा दिया। नष्ट की गई शराब में अंग्रेजी शराब, कच्ची शराब और बीयर की बोतलें शामिल थीं। इस दौरान कोर्ट द्वारा नियुक्त अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने पिछले दो सालों में तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की थी। जब्त की गई शराब को रखने के लिए जगह की समस्या खड़ी हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में आवेदन देकर शराब को नष्ट करने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने आबकारी, पुलिस और कोर्ट द्वारा नियुक्त अधिकारी की मौजूदगी में शराब नष्ट करने का आदेश दिया था।नष्ट की गई कुल 1709 लीटर शराब में 1192 लीटर अंग्रेजी शराब, 275 लीटर कच्ची शराब और 186 लीटर बीयर शामिल थी। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियोजन अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय, आबकारी निरीक्षक संगीता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के लिपिक दीपू कुमार और हेड मोहर्रिर अमरेन्द्र राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply