नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर गोरखपुर रैली में मंच पर मंत्री संजय निषाद के फूट-फूटकर रोने से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर अखिलेश यादव के बड़े ऐलान को लेकर है। कहा- सरकार बनेगी तो महिलाओं को 40 हजार रुपए देंगे। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मंत्री निषाद मंच पर फूट-फूट कर रोए, बोले- हमारे लोगों का वोट छीना जा रहा गोरखपुर रैली में मंत्री संजय निषाद मंच पर फूट-फूटकर रोए। कहा- हमारे लोगों का वोट छीना जा रहा। हमारी बहन-बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। जब सदन में आवाज उठाता हूं तो आरोपियों पर बुलडोजर चलता है, तुम्हारी बेटियों को न्याय मिलता है। निषाद पार्टी के साथ सब खड़े हो जाओ। जनसभा के पहले मंत्री ने 3000 बाइक संग 10 km की रैली निकाली, खुद बुलेट चलाई। पूरी खबर पढ़ें 2- अखिलेश बोले- सरकार बनी तो महिलाओं को 40 हजार देंगे; ‘धुरंधर’ पर भी तंज लखनऊ में अखिलेश यादव बोले- सरकार बनी तो महिलाओं को 40 हजार देंगे। समाजवादी पेंशन भी शुरू करेंगे। कहा- नवरात्र में कैबिनेट विस्तार में रुठे को मनाने का प्रयास किया जाएगा। जल्दी-जल्दी पूरा बजट खर्च करने के बाद मंत्री बनाने जा रहे। ‘धुरंधर’ को लेकर कहा- भाजपा पैसे देकर फिल्में बनवा रही। दरअसल, उन्होंने मां और दादी के नाम पर सम्मान शुरू किया है। पूरी खबर पढ़ें 3- वाराणसी में श्रृंगार गौरी मंदिर खुला; ऑस्ट्रेलिया की मारिया ने जयकारे लगाए वाराणसी की ज्ञानवापी में मां श्रृंगार गौरी मंदिर के दर्शन के लिए रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शन के लिए 2 किलोमीटर लंबी कतार लग गई। यह मंदिर हर साल चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन दर्शन के लिए खोला जाता है। ज्ञानवापी की वादी महिलाएं भी दर्शन को पहुंचीं। इन्होंने ‘ज्ञानवापी मुक्त करो’ के नारे लगाए। ऑस्ट्रेलिया की मारिया भी माता के जयकारे लगाती रहीं। पूरी खबर पढ़ें 4- नीतीश को छोड़कर केसी त्यागी ने RLD जॉइन की, बोले- मुझे माफ करना पद नहीं चाहिए जदयू नेता केसी त्यागी ने रालोद ज्वाइन कर लिया है। इस दौरान कहा- जयंत जी मुझे माफ करना, मुझे कोई पद नहीं चाहिए। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बताया- मेरे जन्मदिन का किस्सा त्यागीजी सुनाते हैं। पश्चिम यूपी के कद्दावर नेता त्यागी लंबे समय से जदयू से जुड़े रहे हैं। वह पार्टी के मुख्य प्रवक्ता थे। उनको पद से हटा दिया गया था, मेंबरशिप का रिन्यूअल भी नहीं कराया था। पूरी खबर पढ़ें 5- राजभर बोले- सपा तो भाजपा की B टीम है, दिन में विरोध- रात में योगी से माफी मांगते सुल्तानपुर में मंत्री राजभर बोले- सपा तो भाजपा की ‘बी टीम’ है। सपाई दिन में योगी का विरोध करते हैं और रात में सीएम को गुलदस्ता देकर कहते हैं ‘दिन में बोलने दीजिए, रात में हम आपके साथ हैं’। अखिलेश प्रचार करने दूसरे प्रदेशों में जाते हैं, वहां बीजेपी को जिताते हैं। मध्य प्रदेश में गए कांग्रेस को वोट न देने की अपील की, उत्तराखंड में प्रत्याशी उतारकर कांग्रेस को हरवा दिया। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- लखनऊ में बहू ने सास की हत्या की, प्रेमी से मिलकर वारदात लखनऊ में 36 साल की बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या कर दी। हाथ-पैर रस्सी से बांधे, फिर गला दबा दिया। सास प्रेमी से मिलने का विरोध करती थी। पुलिस के मुताबिक, किसी को उन पर शक न हो इसलिए दोनों ने घर का CCTV बंद कर वारदात की। फिर कार से बाहर भाग गए। बेटा घर पहुंचा तो दादी की लाश देखी। स्निफर डॉग की मदद से कातिल पकड़ा गया। पूरी खबर पढ़ें 7- योगी ने बेटियों को जॉइनिंग लेटर बांटे; डिप्टी CM बोले- सैफई में नाच देखने वाले परेशान सीएम योगी ने लखनऊ में 1097 महिला और 131 पुरुष नर्सिंग अधिकारियों को जॉइनिंग लेटर बांटे। कहा- नवरात्रि पर बेटियों को नियुक्ति पत्र मिलना महिलाओं की बढ़ती ताकत का उदाहरण है। अब माफिया नहीं, बल्कि वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज बनाया गया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- सैफई में नाच देखने वाले परेशान हैं, नौकरी लूटने वाले जान बचा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 8- रामपुर में जेई ने ऑफिस में जान दी, बेटा बोला- मम्मी बहुत परेशान करती थी रामपुर में बिजली विभाग के जेई ने फांसी लगाकर जान दे दी। इससे पहले उन्होंने बड़े भाई के पास रह रहे अपने 12 साल के बेटे को वीडियो कॉल किया। फूट-फूट कर रोने लगे। फिर फंदे से झूलकर जान दे दी। बेटा भागकर ताऊ के कमरे में पहुंचा। वे मोबाइल देखकर चौंक पड़े। उन्होंने भाई के साथी कर्मचारियों को कॉल किया। दरवाजा तोड़ा गया लेकिन तबतक जान जा चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें 9- फर्जी IAS 25 शादियां कर चुका, गोरखपुर में बेटी के पिता बोले- सजा दिलाकर मानूंगा इटावा का रहने वाला फर्जी IAS एक नहीं, 25 शादियां कर चुका है। गोरखपुर की रहने वाली युवती से भी धूमधाम से शादी की थी। वह दुल्हन को गोवा में बेचने की फिराक में था। इससे पहले परिवार को उसके फर्जी अफसर होने की भनक लग गई। पिता बोले- बेटी की जिंदगी बर्बाद की, सजा दिलाकर मानूंगा। शादी में 15 लाख नकद दहेज लिया था। शादी में 30 लाख खर्च हुआ था। पूरी खबर पढ़ें 10- मथुरा में फरसा बाबा की मौत पर बवाल मामले में 300 पर FIR; 4 मुकदमे दर्ज मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद उपद्रव करने वालों पर पुलिस का एक्शन जारी है। रविवार को फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। बाबा की मौत के मामले में अबतक 4 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इसमें पुलिस ने 2 मुकदमे दर्ज कराए हैं। पुलिस के पहले मुकदमे में 23 नामजद सहित 300 लोगों को आरोपी बनाया गया है। दक्ष चौधरी सहित 19 गिरफ्तार हो चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें 11- मेरठ में मामूली कहासुनी पर खूनी संघर्ष, प्रधान के 2 सगे भाइयों की हत्या मेरठ में हुए एक खूनी संघर्ष में दो लोगों की हत्या कर दी गई। दोनों गांव के प्रधान के सगे भाई थे। दरअसल, ईद मनाने के बाद रात में जुआ खेलने को लेकर कुछ लोगों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते यह मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। फिर दोनों पक्षों ने धारदार हथियार से एक दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस में 5 लोग घायल भी हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें 12- ATS ने सहारनपुर के मौलाना को पकड़ा, हिजबुल्ला के समर्थन में तकरीर की यूपी ATS ने सहारनपुर के एक मौलाना को हिरासत में लिया है। वह मेरठ में था। मौलाना ने आतंकी संगठन हिजबुल्ला के समर्थन में बयानबाजी की थी। आरोप है कि ईद के दिन देवबंद में युवाओं को भड़काने का प्रयास किया था। नारेबाजी की थी। उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था कि हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाएं। एजेंसियां विदेशी कनेक्शन की जांच कर रहीं। पूरी खबर पढ़ें 13- अलीगढ़ में पेट्रोल छिड़ककर चचेरी बहन को जलाया, पुलिस को भी धमकाया अलीगढ़ में युवक ने पेट्रोल छिड़ककर चचेरी बहन को जलाया। लड़की की चीख पुकार सुनकर गांववाले दौड़े पहुंचे। मिट्टी डालकर आग बुझाई। युवती का चेहरा और हाथ बुरी तरह झुलस गया। पुलिस के आने पर आरोपी युवक घर की तीसरी मंजिल पर चढ़ गया, पुलिसवालों को धमकाने लगा। बोला- मैं जेल गया तो चचेरे भाई को गोली मारूंगा। सिलेंडर ब्लास्ट कर दूंगा। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- पति ने सिलेंडर नहीं भरवाया तो पत्नी ने घर छोड़ दी, अब ढूंढ़ रहा बाराबंकी में सिलेंडर भरवाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। पति ने सिलेंडर नहीं भरवाया तो पत्नी ने चूल्हे पर खाना बनाने से मना कर दिया। झगड़ा होने के बाद बच्चे को लेकर घर छोड़ दिया। तलाश करने के बाद जब पत्नी नहीं मिली तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई। पति 3 दिनों से पत्नी और बच्चे को ढूंढ़ रहा है। पति ने बताया- सिलेंडर नहीं भरवाने पर वह नाराज थी। पूरी खबर पढ़ें कल कैसा रहेगा मौसम… 15- हल्की बारिश की आशंका 23 मार्च को यूपी के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की आशंका है। मौसम विभाग ने गोरखपुर, देवरिया, आज़मगढ़ समेत पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी का रेड अलर्ट जारी किया है। सोमवार को नए विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बिगड़ा रहेगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Leave a Reply