कुशीनगर सहित पूर्वांचल के कई जिलों में शनिवार को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिनभर बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस मौसमी गतिविधि के कारण अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। हालांकि, मौसम विभाग ने अब इस मौसम तंत्र के समाप्त होने की जानकारी दी है। अगले 5-6 दिनों में तापमान में 7 से 10°C तक की तेज बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम साफ होते ही तापमान तेजी से बढ़ेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने और वातावरण में नमी अधिक होने के कारण सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है, जो सूर्योदय के बाद छंट जाएगी।
इधर, कुशीनगर जनपद में शनिवार को हुई तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तुर्कहा, लक्ष्मीपुर पढ़ारहवा, भगवानपुर और भैंसहा जैसे क्षेत्रों में बारिश और तेज हवा के चलते कटाई के लिए तैयार गेहूं की पकी फसल खेतों में ही गिरकर बर्बाद हो गई। किसान दीनानाथ ने बताया कि सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण पूरी तरह पकी हुई गेहूं की फसल खेत में ही ढह गई है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। वहीं, किसान अंबिका गोंड ने कहा कि इस समय मसूर, सरसों और गेहूं की फसलें खेतों में खड़ी थीं और कुछ की कटाई भी चल रही थी, ऐसे में बेमौसम बारिश किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। किसान अब प्रशासन और कृषि विभाग से राहत व फसल नुकसान के सर्वे की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जा सके।

Leave a Reply