बलरामपुर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी देवी मंदिर में लगने वाले मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने रविवार को मंदिर और मेला परिसर का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास मार्गों, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता परखी और स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एएसपी पांडेय ने भीड़ नियंत्रण, सुगम दर्शन और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर कड़ी नजर रखी जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति टीम को सक्रिय और सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। एएसपी ने सुनिश्चित करने को कहा कि मेले के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। जनपद पुलिस ने नवरात्रि मेले के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और निगरानी तंत्र को भी मजबूत किया गया है, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर मां के दर्शन कर सकें। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री और प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन का दावा है कि इस बार मेले में सुरक्षा और व्यवस्था का स्तर पहले से अधिक मजबूत रहेगा।

Leave a Reply