DniNews.Live

प्रतापगढ़ में ट्रेलर-टेंपो भिड़ंत में चालक की मौत:ओवरटेक करने का प्रयास में हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम

प्रतापगढ़ में रायबरेली-प्रतापगढ़ सीमा पर रविवार शाम करीब 5 बजे एक सड़क हादसे में टेंपो और ट्रेलर ट्रक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई। यह घटना ब्रहमौली गांव के पास हुई। मृतक चालक की पहचान रायबरेली जनपद के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र स्थित अरखा गांव निवासी 25 वर्षीय बृजेश कुमार के रूप में हुई है। घायल युवती नवाबगंज थाना क्षेत्र के परसई गांव निवासी अर्चना पुत्री मिश्री लाल सरोज है। बृजेश कुमार रविवार शाम ऊंचाहार बस स्टॉप से दो सवारियां लेकर नवाबगंज की ओर जा रहे थे। ब्रहमौली सीमा के पास उन्होंने आगे चल रहे ट्रेलर ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान टेंपो का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पलट गया और चालक बृजेश कुमार उसमें बुरी तरह फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। घायल युवती अर्चना को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाकांकर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई और उसे घर भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक बृजेश कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान हुई लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *