![]()
रामपुर सुपर क्रिकेट लीग का समापन, ग्लेडियेटर्स ने जीता फाइनल:कृषि मंत्री औलख ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
रामपुर के शहीद-ए-आजम स्टेडियम बवनपुरी क्रिकेट ग्राउंड पर सुपर क्रिकेट लीग टी-25 का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। इस रोमांचक मैच में रामपुर ग्लेडियेटर्स ने रामपुर स्ट्राइकर को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और पूर्व डीजीपी डीएस चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। रामपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस लीग को यूपीसीए से मान्यता प्राप्त है। यह टूर्नामेंट जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर रामपुर स्ट्राइकर ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम 24 ओवर में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई, जिसमें मोहम्मद फैज कोहली ने 32 और सोहेल खान ने 21 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामपुर ग्लेडियेटर्स की टीम ने 17 ओवर में 3 विकेट खोकर 115 रन बनाकर जीत हासिल की। ग्लेडियेटर्स की ओर से शांतनु ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने गेंदबाजी में 5 ओवर में मात्र 7 रन देकर 5 विकेट झटके और बल्लेबाजी में भी 30 रन बनाए। आरुष गुप्ता ने 28 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। समापन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व डीजीपी डीएस चौहान ने खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रामपुर के युवाओं में अपार प्रतिभा है और सही मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को खिलाड़ियों के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर बरेली जोन के एडीजी आईपीएस अमित शर्मा, मुरादाबाद रेंज के डीआईजी आईपीएस मुनिराज जी और रामपुर के पुलिस अधीक्षक सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। रामपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस टूर्नामेंट का शुभारंभ दो सप्ताह पूर्व बीसीसीआई के उपाध्यक्ष द्वारा किया गया था, और इसके सफल समापन ने जिले में क्रिकेट को नई दिशा दी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply