DniNews.Live

चोलापुर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत:ब्लॉक मुख्यालय के सामने ट्रक-स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर लगने से दूध व्यवसायी ने गंवाई जान

वाराणसी जनपद के चोलापुर विकास खंड मुख्यालय के पास शनिवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। कटारी त्रिमुहानी पर फोरलेन पार करते समय एक स्कॉर्पियो और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार एक दूध व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सहडीह निवासी सुरेंद्र यादव (41) अपने साथियों गोलू गिरि और एक अन्य युवक के साथ स्कॉर्पियो से जा रहे थे। कटारी त्रिमुहानी के पास फोरलेन पार करते समय अचानक उनकी स्कॉर्पियो बीच सड़क में बंद हो गई। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही सुरेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया। मृतक सुरेंद्र यादव पेशे से दूध व्यवसायी थे। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया। उनके परिवार में 10 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटा है। वर्तमान में घायल गोलू गिरि और उनके साथी का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *