लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ के ऐतिहासिक चैती मेले में इस बार 6 अप्रैल तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर शासन ने यह बड़ा फैसला लिया है। इससे पूरा मेला क्षेत्र दिन-रात रोशनी से जगमग रहेगा। यह निर्बाध बिजली आपूर्ति 132 केवी प्राथमिक उपकेंद्र गोला से संचालित 33/11 केवी उपकेंद्र गोला टाउन के तहत आने वाले तीन 11 केवी फीडरों को मिलेगी। इनमें फीडर नंबर-1, फीडर नंबर-4 और शिव मंदिर फीडर शामिल हैं। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से 6 अप्रैल की मध्यरात्रि तक लागू रहेगी। बिजली की इस सतत आपूर्ति से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, दुकानदारों और व्यापारियों के लिए भी यह फायदेमंद होगा। मेले में लगे झूले, सजावट और प्रसाद की दुकानों सहित पूरा क्षेत्र बिना किसी रुकावट के रोशन रहेगा, जिससे रौनक और कारोबार दोनों बढ़ेंगे। नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ के चेयरमैन विजय शुक्ला रिंकू ने इस व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे मेले की भव्यता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में और वृद्धि होगी।

Leave a Reply