DniNews.Live

सचेंडी में डंपर ने 10 बिजली पोल तोड़े:चालक फरार, लोगों ने शराब के नशे में होने का आरोप लगाया

कानपुर के सचेंडी क्षेत्र के भौंती गंभीरपुर में रविवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाही से सड़क किनारे लगे करीब दस सीमेंटेड बिजली के पोल तोड़ दिए। लगभग एक किलोमीटर दूर छितेपुर गांव के सरकारी स्कूल के पास पीपल के पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डंपर चालक नशे की हालत में था। तेज रफ्तार वाहन ने एक के बाद एक कई पोल गिरा दिए और अंत में पेड़ से टकराकर रुक गया, जिससे पेड़ भी टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता शुभम शुक्ला ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान क्षेत्र में प्रदूषण और कूड़ा निस्तारण को लेकर भी नाराजगी सामने आई। ग्रामीणों का कहना है कि पांडु नदी किनारे स्थित हरिओम पेपर मिल में कूड़ा आने से आसपास बदबू और गंदगी फैली रहती है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। आरोप है कि डंपर चालक मिल में कूड़ा खाली करने के बाद वाहन का हाइड्रोलिक डाला नीचे किए बिना ही सड़क पर निकल गया, जिससे रास्ते में पोल टूटते चले गए और आखिर में वाहन पेड़ से जा टकराया। वहीं दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *