गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन स्थानीय रेलवे सामुदायिक केंद्र में आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में सदस्य और उनके परिजन शामिल हुए। अधिवेशन के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ और इस दौरान नई केंद्रीय प्रबंध समिति की घोषणा की गई। अधिवेशन में गोरखपुर के साथ खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, सीतापुर, वाराणसी, प्रयागराज, भटनी, छपरा, बलिया, मऊ समेत कई स्थानों से प्रतिनिधि पहुंचे। बड़ी संख्या में सदस्यों की भागीदारी से कार्यक्रम में सक्रियता और सहभागिता साफ दिखाई दी। मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एनई रेलवे कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेश सिंह, लोक गायक राकेश श्रीवास्तव और केंद्रीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने एसोसिएशन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और आयोजन की सराहना करते हुए इसे उपयोगी मंच बताया। भारत पेंशनर्स समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अमिय रमण ने देशभर के पेंशनरों की एकजुटता पर जोर दिया और संगठन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सह महामंत्री मुन्नीलाल गुप्ता ने रेलवे अस्पतालों में गिरती चिकित्सा व्यवस्था का मुद्दा उठाया और इसमें सुधार की जरूरत बताई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सदस्यों ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां सांस्कृतिक कार्यक्रम में सदस्यों और उनके परिवारों ने उत्साह के साथ भाग लिया। लेडीज ग्रुप डांस, कपल डांस, होली गीत और विभिन्न एक्शन सांग प्रस्तुत किए गए। अर्पिता नियोगी और मोनालिसा विद्यान्त के नृत्य, पार्थ चटर्जी की प्रस्तुति, रामहंस मौर्य और आनंद गौड़ के एक्शन सांग ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं अभिजीत घोषाल, मिली चक्रवर्ती, टीवी मुखर्जी और राहुल चक्रवर्ती के गायन पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। अधिवेशन में पूर्व न्यायाधीश वेद प्रकाश त्रिपाठी ने चुनाव अधिकारी के रूप में नई केंद्रीय प्रबंध समिति की घोषणा की। इसमें ब्रह्मानंद सिंह को मुख्य सलाहकार, दिनेश शरण सलाहकार, अमिय रमण अध्यक्ष, देवेंद्र मणि त्रिपाठी कार्यकारी अध्यक्ष, अर्जुन कुमार कोहली वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुभाष चौधरी उपाध्यक्ष (समन्वय), राधेश्याम सिंह उपाध्यक्ष (केंद्रीय) सहित कई पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया वरिष्ठ सदस्यों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 80 साल से अधिक आयु के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसमें गणेश चंद्र मिश्रा, अर्जुन कुमार कोहली, ब्रह्मानंद सिंह, योगेंद्र बहादुर खरे और दिनेश शरण सहित कई वरिष्ठ सदस्य शामिल रहे। अधिवेशन का संचालन एमएम तिवारी ने किया। अंत में देवेंद्र मणि त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से किया गया।

Leave a Reply