कानपुर के बिधनू में रविवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानपुर देहात के फतेहपुर रोशनाई गांव के रहने वाले रामजी (24) मुर्गी फार्म में काम करते थे। परिवार में पत्नी पिंकी और बेटा लवकुश विनायक है। छोटे भाई श्याम जी ने बताया- रामजी बिधनू के एक मुर्गी फार्म में काम करते थे। वहां का ठेकेदार उन्हें पूरी सैलरी नहीं देता था। शनिवार को उन्होंने बहन रोशनी और पत्नी पिंकी को फोन कर बताया कि ठेकेदार ने पैसे नहीं दिए और गाली-गलौज की। उन्होंने कहा- मेरे पास घर आने के लिए भी पैसे नहीं हैं। यह कहते हुए वह रोने लगे और फोन काट दिया। आरोप है कि जब पत्नी ने दोबारा फोन किया तो एक कर्मचारी ने कॉल उठाई और बताया कि रामजी कहीं काम से गए हैं। कुछ देर बाद सूचना मिली कि रामजी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और अनहोनी की आशंका जताई है। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने संदेह जताया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply