मुरादाबाद के बुध बाजार स्थित एक होटल में पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान तीन महिलाओं और पांच युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस को होटल के एक कमरे में शराब पीकर झगड़ा करने की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे बुध बाजार चौकी इंचार्ज सुनीता सिंह को सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि हिंदू कॉलेज के सामने स्थित एक होटल के कमरे में कुछ युवक शराब पीकर आपस में झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और एक कमरे में दबिश देकर वहां मौजूद युवकों को पकड़ा। पुलिस को देखते ही मचा हड़कंप पुलिस जब यह कार्रवाई कर रही थी, तभी बगल के कमरे से तीन महिलाएं और पांच युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगे। पुलिस को शक हुआ और सभी को घेरकर रोक लिया गया। पूछताछ के दौरान ये लोग मुंह छिपाने लगे और स्पष्ट जानकारी देने से बचते रहे। इसके बाद पुलिस सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही बुध बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि संबंधित होटल का मालिक पंजाब में रहता है। यह होटल करीब एक महीने पहले ही किराए पर देकर इसका संचालन शुरू कराया गया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। उनकी पहचान अलग-अलग स्थानों के रहने वालों के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply