DniNews.Live

पीलीभीत में दो सगे भाइयों की बेरहमी से पिटाई:पुरानी रंजिश में दूसरे समुदाय के युवकों ने घेरा, मुकदमा दर्ज

पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कायस्थान में शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों को बेरहमी से पीटा गया। दूसरे समुदाय के करीब 8 से 10 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला खानकाह निवासी दानिश अपने दोस्त शाहरुख के साथ शनिवार रात मोहल्ला कायस्थान से गुजर रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के लगभग एक दर्जन लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के दानिश पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। विवाद के दौरान दानिश का दोस्त शाहरुख किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। उसने सीधे दानिश के घर पहुंचकर परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दानिश का भाई यावर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। यावर ने बीच-बचाव करने और हमलावरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। हमलावरों ने यावर को भी घेरकर जमकर पीटा। इस हिंसक झड़प में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायल भाइयों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। दो अलग-अलग समुदायों के बीच मारपीट की खबर फैलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। थानाध्यक्ष पूरनपुर पवन पांडे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है और दोषियों की पहचान की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *