सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक महिला की जान चली गई, जबकि एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा नेवदिया गांव के पास कुतुबनगर मार्ग पर उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने खेत जा रही महिला को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, भिठौरा निवासी आयुष पुत्र राम बिलास बाइक से पिसावां की ओर से आ रहा था। इसी दौरान नेवदिया गांव की निवासी जगदेई (50) पत्नी जगदीश अपने सरसों के खेत की ओर जा रही थीं। अचानक बाइक चालक संतुलन खो बैठा और महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला जगदेई की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घायल आयुष का इलाज जारी है और उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने कहा कि मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply