DniNews.Live

औरैया में कार की टक्कर से एक की मौत:अनियंत्रित तेज रफ्तार बनी मौत की वजह, गाड़ी मकान में घुसी

फफूंद के तुलसीपुर में देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अनियंत्रित काली कार ने पहले दो लोगों को टक्कर मारी और फिर एक मकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई। यह घटना तुलसीपुर गांव की मुख्य सड़क पर हुई। 52 वर्षीय हकीम पुत्र सेवाराम और 20 वर्षीय विजय पुत्र लाल सिंह सड़क किनारे खड़े थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित काले रंग की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार की गति और तेज हो गई। वह सड़क किनारे स्थित प्रताप नामक व्यक्ति के घर की करीब 10 फीट ऊंची दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने के कारण, ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को एक निजी कार से सैफई के लिए रवाना कर दिया। घटनास्थल पर फफूंद थाना की 112 पीआरवी पहले पहुंची, जिसके बाद एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को सैफई और विज्ञान संस्थान में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। हालांकि, देर रात करीब 3 बजे गंभीर रूप से घायल हकीम पुत्र सेवाराम (52) ने दम तोड़ दिया। इस दुखद खबर से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विजय पुत्र लाल सिंह (20) का उपचार जारी है। मृतक हकीम सिंह तुलसीपुर के निवासी थे और दस साल पहले दिल्ली में एमटीएनएल टेलीफोन विभाग में कार्यरत थे। वह 14 मार्च को अपने छोटे भाई शिवपाल की बेटी की शादी में शामिल होने दिल्ली से गांव आए थे। हकीम सिंह अपने पीछे पत्नी प्रेमलता, तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी प्रेमलता भी गहरे सदमे में हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *