रायबरेली में चल रही राम कथा के तीसरे दिन कथावाचक राजन जी महाराज ने रामचरितमानस को दुनिया की सबसे बड़ी ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ बताया। उन्होंने कहा कि इस कंपनी से जुड़ने वाला व्यक्ति कभी सेवानिवृत्त नहीं होता और जीवन की सभी समस्याओं से लड़ने की क्षमता रखता है। महाराज जी ने स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति ने रामचरितमानस को अपना लिया, वह कभी परेशान या बेरोजगार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, “हम सभी इस रामचरितमानस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी हैं।” कथा के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि चार-पांच साल पहले एक सर्वे में भारतीय रेलवे को दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी माना गया था। हालांकि, अब राजन जी महाराज के अनुसार रामचरितमानस ही सबसे बड़ी कंपनी है। उनके इस बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह राम कथा रायबरेली में 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगी। प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से रात 9:30 बजे तक हजारों श्रद्धालु रामचरितमानस कथा का आनंद ले रहे हैं। कथा के पहले दिन इसकी प्रस्तावना से शुरुआत की गई थी। इस आयोजन में राजनीति से जुड़े कई मंत्री, पूर्व मंत्री, विधायक और सांसद भी राजन जी महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे।

Leave a Reply