उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन गोंडा सहित पूरे प्रदेश में शुरू हो गया है। 12 फरवरी को संपन्न हुई इन परीक्षाओं के बाद, गोंडा जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 18 मार्च से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कॉपियों की जांच की जा रही है। प्रत्येक मूल्यांकन कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। गोंडा में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू हुआ था। 22 मार्च तक, चार दिनों के भीतर कुल 1 लाख 2 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। मूल्यांकन केंद्रों में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं। इस बार मूल्यांकन के दौरान एक खास बात सामने आई है: किसी भी परीक्षार्थी की कॉपी में न तो कोई पैसा बरामद हुआ है और न ही कोई गाना या शायरी लिखी मिली है। यह पहली बार हुआ है कि चार दिन के मूल्यांकन में ऐसी कोई अनियमितता सामने नहीं आई है। किसी भी परीक्षार्थी के उत्तर पुस्तिका में अगर कोई भी बोर्ड के नियमों की विपरीत सामग्री मिलेगी तो कार्रवाई के लिए बोर्ड को रिपोर्ट दी जाएगी। गोंडा के जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि चारों केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि चार दिनों में 1 लाख 2 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। डॉ. रामचंद्र ने बताया कि पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जा रही है और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस तरह परीक्षाएं सकुशल संपन्न हुईं, उसी तरह मूल्यांकन कार्य भी बिना किसी त्रुटि के पूरा होगा।

Leave a Reply