फर्रुखाबाद की आवास विकास कॉलोनी में 40 साल बाद सीवर लाइन की सफाई का काम शुरू हो गया है। इस कार्य के लिए नगर पालिका 15वें वित्त आयोग से मिली रकम में से 82 लाख रुपये खर्च करेगी। सफाई का काम अलीगढ़ की एक फर्म द्वारा किया जा रहा है। कॉलोनी में 7764 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछी है, जो 40 साल पुरानी होने के कारण अधिकांश जगहों पर चोक हो चुकी है। बारिश के दौरान घरों में सीवर का गंदा पानी घुसने से स्थानीय लोग कई वर्षों से परेशान थे। नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का उपयोग कर सीवर लाइन की सफाई का निर्णय लिया। जिलाधिकारी से स्वीकृति मिलने के बाद यह काम शुरू किया गया है। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, जो पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल के पति हैं, ने दावा किया कि इस सफाई के बाद अगले 25 से 30 साल तक बारिश के जलभराव और सीवर चोक होने की समस्या नहीं होगी। उन्होंने बताया कि 40 साल में पहली बार सीवर लाइन की सफाई की जा रही है। यहां 750 एमएम से लेकर 150 एमएम तक की सीवर लाइनें बिछी हैं। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने बताया कि सीवर लाइन से निकलने वाले कचरे को अमेठी कोहना स्थित एफएसटीपी (फेकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) में भेजा जाना है। हालांकि, कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार एलआईसी कार्यालय के पास नाले में ही कैप्सूल भरकर सीवेज फेंक रहे हैं।

Leave a Reply