जालौन में एक अराजक तत्व ने मंदिर में घुसकर शिवलिंग और नंदी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कानपुर जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। घटना मेडिकल कॉलेज के आगे रामा हॉस्पिटल के पास स्थित मां शारदा कार श्रृंगार के सामने बने शिव मंदिर की है। बताया जा रहा है कि सूरज नामक एक युवक ने मंदिर परिसर में घुसकर शिवलिंग और नंदी को खंडित कर दिया। उसकी यह पूरी हरकत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों में और आक्रोश बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। किसी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया, इसके बाद लोगों ने कानपुर जाने वाले कालपी मार्ग पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की, साथ ही स्थानीय लोगों ने मंदिर की पुनः स्थापना और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे जालौन की अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ उरई राजीव शर्मा, इंस्पेक्टर आनंद कुमार सिंह ने लोगों को समझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि शीघ्र ही नए शिवलिंग और नंदी की विधिवत स्थापना कराई जाएगी। वही फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply