सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के कमहरिया चौराहे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, इंद्रराज (20) पुत्र प्यारेलाल निवासी तेलाईगांव थाना सिधौली और दीपक (19) पुत्र रामू मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे कमहरिया चौराहे के पास पहुंचे, तभी बिसवा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इंद्रराज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमंडा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर मास्टरबाग चौकी प्रभारी संतोष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक इतुल चौधरी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टक के लिए भेजकर फरार डम्पर की तलाश की जा रही है। वहीं घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply